dynamicviews

Saturday 19 December 2015

महाचिंतन 



सर्वमंगला मिश्रा
9717827056


भाजपा ने चुनावी युद्धभूमि में जो ललकार लगायी थी, जिससे विरोधियों के रोंगटे खड़े हो गये थे। हर कोई एक कोना ढूंढ़ता था अपने छिपने के लिए। ललकार, जिससे विरोधियों के हौसले पस्त हो गये थे। समय कभी एक सा नहीं रहता। मोदी के भाषण के कद्रदान आज भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी हो चुके हैं। मंत्रमुग्ध कर देने वाला भाषण अटलबिहारी के बाद, मोदी ही दूसरे स्थान पर आते हैं। गुरु गुड़ पर चेला चीनी की कहावत यहां सही बैठती है। अटल आडवाणी को पीछे छोड़ते हुए मोदी आज लोकप्रियता की दृष्टि से आगे बढ़ते चले जा रहे हैं। जिस जोश के साथ मोदी का भाषण शुरु होता है उससे भी ज्यादा लोग भावविभोर होकर अमेरिका से लेकर सिंगापुर-जापान तक सब सुनते हैं। पर सवाल उठता है कि इन मनभावन, लोकलुभावन भाषणों का अस्तित्व कितना ठोस या खोखला है। लोकसभा चुनाव से लेकर अब तक राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, जम्मू कश्मीर और बिहार हर स्थान पर मोदी स्वयं को ही ब्रांड अम्बेस्डर बनाये और चुनाव का खूब जमकर प्रचार प्रसार किया। खूब भीड़ जुटी पश्चिम से पूर्व तक। पर रिजल्ट क्या रहा। मध्य प्रदेश से लेकर बिहार तक अमित शाह जी खूब गरजे। लेकिन बादल गरज कर बरस नहीं पाये। काले बादलों ने डराया खूब, पर, बारिश की बौछार में कमी रह गयी। आज मोदी जी की पंक्तियों पर टिप्पणी करने का साहस किसी में नहीं। मोदी विदेशों में रह रहे भारतीयों को भारत में निवेश करने के सुगम मार्ग प्रशस्त कर रहे हैं। जिससे देश की आर्थिक उन्नति में भागीदारी हर कोने से बढ़े। कितना निवेश होगा यह तो भविष्य निर्धारित करेगा।
भाजपा लोकसभा चुनाव के दौरान सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तो मोदी सबसे बड़े जननायक। चिंता का विषय यहां यह नहीं, बल्कि जननायक पार्टी से ज्यादा ऊंचा हो रहा है। किसी भी दल या देश से ऊंचा कोई व्यक्ति विशेष नहीं हो सकता। दल की नीतियां ही उस व्यक्ति की पहले पहचान होती है। फिर, उस व्यक्ति की नीतियां दल के रुप में समझी जाती हैं। आज मोदी का दृष्टिकोण भाजपा का दृष्टिकोण समझा जा रहा है। हर हार के बाद मोदी महानायक की तरह नये जोश के साथ उठ खड़े होते हैं और पुरानी विरदावली सुनाकर जनता को रिझाने में एड़ी-चोटी का जोर लगा देते हैं। जनता ने बिहार चुनाव में मोदी के रुप में भाजपा को दरकिनार कर दिया। केंद्र की सत्ता को नकार दिया। केंद्र की सरकार की छाया उसे मंजूर नहीं हुई। उसे बाहरी और बिहारी में फर्क लगा। वादों और बातों में जमीन आसमान नप गया। नतीजा हंस के देखना पड़े या खामोशी की चिंता में –उसमें परिवर्तन नहीं होता है। वक्त- अब ठहराव का आ चुका है भाजपा के कैरियर में, मोदी के लीडरशीप में। जहां चिंतन की आवश्यकता जोर पकड़ने लगी है।
भाजपा की नीतियां सही हैं या गलत। अब इसका फैसला करने की घड़ी आ चुकी है। मोदी ने जो लोकसभा चुनावों के दौरान सब्जबाग दिखाये थे वो मृगमरीचिका ही रहेंगे या कभी आकाशगंगा धरती पर अवतरित भी होगी। कांग्रेस का परिवारवाद पार्टी को आज हाशिये पर लाकर खड़ा कर दिया। तो भाजपा की तानाशाह व्यवस्था ने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। कांग्रेस अपनी विफलता के उपरांत चिंतन शिविर जरुर लगाती है। भले चिंतक चिंतन करें या ना करें। एक समारोह अवश्य होता है जहां राहुल बाबा के लिए आगे की रणनीति पर चिंतन होता है कि अब राहुल बाबा को कौन सी जिम्मेदारी दी जाय कि नैया पार लग जाय।
चिंतक और चिंतन एक सिक्के के दो पहलू हैं। देश का भविष्य परिवारवाद और व्यक्ति विशेष से उपर उठकर होना चाहिए। आज सोनिया गांधी इसलिए हर जद्दोजहद से जूझ रही हैं क्योंकि उन्हें अपने पुत्र को राजगद्दी पर बैठाने का सपना पूरा करना है। मोदी, जो एक अति सामान्य परिवार से संबंध रखते हैं, योग्यता के बल पर आज देश के प्रधानमंत्री की कुर्सी पर अपनी दावेदारी ठोंकी। जनता ने एक उद्घोष के साथ उस योग्यता को स्थान दिया। पर, जनता का एक पक्ष अपनी विचारधारा को बदल देना चाहता है। उसे अब एहसास होने लगा है कि भावावेश में उसने फैसला लिया पर विकल्प भी उसके समक्ष दूसरा उपलब्ध न था। ऐसे में अब महागठबंधन जनता के सामने नए विकल्प के रुप में उभर रहे हैं। दो बड़े राज्यों के चुनाव सामने हैं- बंगाल और उत्तर प्रदेश। बंगाल जहां भाजपा की स्थिति प्रारंभ से लेकर अबतक दयनीय रही है और उत्तरप्रदेश जहां सपा और बसपा का सी-सा का खेल चलता रहता है। वर्तमान परिस्थिति तो भाजपा को संकट के बादल इंगित कर रही है। खोखले भाषणों पर पांच साल का कार्यकाल तो चल जायेगा क्योंकि सरकार पूर्ण बहुमत में है गिरने के खतरे से कोषों दूर। पर, इसी रवैये के साथ क्या 2019 का चुनाव भी भाजपा पूर्णबहुमत लाने में सफल हो पायेगी।    

No comments:

Post a Comment

  मिस्टिरियस मुम्बई  में-  सुशांत का अशांत रहस्य सर्वमंगला मिश्रा मुम्बई महानगरी मायानगरी, जहां चीजें हवा की परत की तरह बदलती हैं। सुशां...